राजभवन में सेक्स


आंध्रप्रदेश के राज्यपाल नारायण दत्त तिवारी ने शनिवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। राष्ट्रपति भवन को भेजे अपने त्यागपत्र में उन्होंने स्वास्थ्यगत कारणों से पद छोड़ने की बात कही है। 86 वर्षीय तिवारी का इस्तीफा एक निजी टीवी चैनल में एक स्टिंग ऑपरेशन के प्रसारण के एक दिन बाद ही सामने आया है। इसमें तिवारी को तीन महिलाओं के साथ आपत्तिजनक स्थिति में दिखाया गया था। कांग्रेस ने राज्यपाल के इस फैसले का स्वागत किया है। कांग्रेस प्रवक्ता जनार्दन द्विवेदी ने यहां कहा, ‘सार्वजनिक जीवन के उच्च मूल्यों के मद्देनजर उन्होंने सही फैसला लिया है। हम इसका स्वागत करते हैं।’ पार्टी सूत्रों ने यहां कहा कि किसी पड़ोसी राज्य के राज्यपाल को आंध्रप्रदेश का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा जा सकता है। इससे पहले, जब केंद्र सरकार ने आंध्रप्रदेश के मुख्य सचिव से मामले की रिपोर्ट मांगी थी, उसी समय यह तय हो गया था कि तिवारी को अपनी कुर्सी छोड़नी पड़ेगी। 
राजभवन ने तिवारी के इस मामले में शामिल होने से इनकार करते हुए शुक्रवार को ही चैनल के खिलाफ आंध्रप्रदेश हाईकोर्ट में शिकायत दर्ज कराई थी। हाईकोर्ट ने चैनल को स्टिंग ऑपरेशन का प्रसारण न करने के निर्देश दिए थे। मामले की अगली सुनवाई 30 दिसंबर को होगी।

जारी रहा विरोध प्रदर्शन

स्टिंग ऑपरेशन के प्रसारण के बाद से तिवारी के इस्तीफे की मांग को लेकर शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन शनिवार को भी जारी रहा। महिला संगठनों ने राजभवन के सामने नारेबाजी की। इन महिलाओं को हटाने के लिए पुलिस को बल प्रयोग का भी सहारा लेना पड़ा।

nd_310हमारे पास पुख्ता सबूत

स्टिंग ऑपरेशन दिखाने वाले तेलुगु चैनल एबीएन आंध्र ज्योति के प्रमुख संपादक वेमुरी राधाकृष्णा ने कहा है कि उनके पास तिवारी के सेक्स स्कैंडल में फंसे होने के पुख्ता सबूत हैं। उन्होंने हैदराबाद में मीडिया से कहा, ‘उन्हें मानहानि का नोटिस भेजने दो, हम इसके लिए तैयार हैं।’

विवादों से रहा नाता

तिवारी के 50 साल के राजनीतिक जीवन में विवाद का यह पहला मामला नहीं है। कुछ समय पहले, रोहित शेखर नाम के एक वकील ने उन्हें अपना पिता बताते हुए दिल्ली हाईकोर्ट में मुकदमा दर्ज किया था। रोहित का दावा है कि उनकी मां उज्ज्वला शर्मा के तिवारी से करीबी संबंध रहे हैं।

पीएम बनते रह गए

इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में कानून के टॉपर रहे एनडी तिवारी केंद्रीय मंत्रिमंडल में कई अहम पदों पर रहे। वे अविभाजित उत्तरप्रदेश के आखिरी मुख्यमंत्री रहे। वे इस पद पर तीन बार रहे। 1991 में राजीव गांधी की हत्या के बाद तिवारी को प्रधानमंत्री पद का प्रमुख उम्मीदवार बताया गया था, लेकिन आखिरी मौके पर पीवी नरसिंह राव प्रधानमंत्री बने। तिवारी उत्तराखंड के पहले मुख्यमंत्री थे। उन्हें 2007 में आंध्रप्रदेश का राज्यपाल बनाया गया था।

 

Comments

Post a Comment

Popular posts from this blog

मेरी ही बातें बताता है कोई