याद रहेगा साल 2011

मारा गया लादेन
दुनिया का सबसे कुख्यात आतंकवादी और अलकायदा का सरगना ओसामा बिन लादेन इस साल 2 मई को अमेरिकी ऑपरेशन में मारा गया। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के उत्तर में मौजूद ऐबटाबाद में अमेरिकी कार्रवाई में लादेन के साथ तीन और लोग मारे गए। मारे गए लोगों में एक ओसामा बिन लादेन का बेटा भी था। अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि मारे जाने के बाद लादेन की लाश को समुद्र में दफनाकर उसका नामोनिशान तक मिटा दिया।
टीम इंडिया ने जीता विश्व कप
इस साल 2 अप्रैल को गौतम गंभीर और महेंद्र सिंह धोनी की जबर्दस्त बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 28 साल बाद विश्व कप क्रिकेट का खिताब जीत लिया था। इस जीत के साथ ही भारत अपनी सरजमीं पर फाइनल जीतने वाला पहला देश भी बन गया था। श्रीलंका के 274 रनों के जवाब में कप्तान धोनी ने विजयी छक्का जड़ा और भारत ने चार विकेट पर 277 रन बनाकर फाइनल मैच जीत लिया।

जापान में तबाही
बीते 11 मार्च को जापान में समुद्र में भूकंप के बाद आई सूनामी ने तबाही मचा दी थी। इस तबाही में 12 हजार से ज़्यादा लोग मारे गए थे जबकि कई लोगों का आज तक पता नहीं चला। रिक्टर पैमाने पर 8.9 की तीव्रता वाले भूकंप के बाद उठी 33 फुट ऊंची सूनामी के कारण भारी तबाही हुई थी। सूनामी की वजह से फुकुशिमा में मौजूद परमाणु संयंत्र में विकिरण शुरू हो गया था, जिसकी चपेट में कई लोग आ गए थे। लेकिन फुकुशिमा में विकिरण के हादसे के बाद भारत समेत कई देशों में परमाणु प्लांट लगाने पर नए सिरे से बहस शुरू हो गई है।

मारा गया गद्दाफी
लीबिया के पूर्व शासक कर्नल मुअम्मर गद्दाफी को विद्रोही सेनाओं ने 20 अक्टूबर को मार गिराया था। गद्दाफी के दोनों पैरों एवं सिर में गोली लगी थी। लगभग चार दशकों तक लीबिया के शासक 69 वर्षीय गद्दाफी मरने से पहले सैनिक यूनीफार्म पहनकर एक गाड़ी में बैठकर भागने की कोशिश कर रहा था। लेकिन नाटो के हवाई हमले में वह घायल हो गया। उसके समूह और विद्रोही सेना के बीच काफी देर तक फायरिंग हुई। इस दौरान दोनों पैरों एवं सिर में गोली लगने की वजह से गद्दाफी की मौत हो गई। गद्दाफी की मौत से जुड़े वीडियो में विद्रोही उसकी पिटाई कर रहे थे।

अन्ना का अगस्त आंदोलन
मजबूत लोकपाल कानून की मांग करते हुए अन्ना हजारे ने पहले 16 अगस्त से तिहाड़ और 20 अगस्त से रामलीला मैदान में अनशन किया। अनशन के दौरान अन्ना के समर्थन में हजारों लोग रामलीला मैदान पहुंचे। 27 अगस्त को अन्ना की तीन मांगों को लोकपाल बिल में शामिल करने के लिए लोकसभा ने प्रस्ताव पारित किया। संसद ने एक सुर में अन्ना को सलाम कर उनसे अनशन तोड़ने की अपील की थी। सरकार ने भी अन्ना को भरोसा दिलाया था कि शीतकालीन सत्र में मजबूत लोकपाल कानून बनाया जाएगा। इसके बाद 28 अगस्त को अन्ना ने अनशन तोड़ा था।

मिस्र में हुस्ने मुबारक ने छोड़ी सत्ता
इस साल अरब जगत में जनक्रांति के पहले शिकार बने थे मिस्र के राष्ट्रपति हुस्ने मुबारक। 30 साल तक मिस्र की सत्ता पर काबिज रहे हुस्ने मुबारक ने 11 फरवरी को राष्ट्रपति पद से इस्तीफा देते हुए सत्ता सेना को सौंप दी थी। मिस्र में कई हफ्तों तक चले आंदोलन के बाद मुबारक सत्ता छोड़ने पर मजबूर हुए थे। मिस्र का 'तहरीर चौक' उनके खिलाफ जनता के आक्रोश का प्रतीक बन गया था।

सिक्किम में भूकंप
इस साल 19 सितंबर को सिक्किम में रिक्टर स्केल पर 6.9 की तीव्रता वाले जोरदार भूकंप में सवा सौ लोग मारे गए थे। भूकंप में अकेले सिक्किम में एक लाख से ज़्यादा घर तबाह हो गए थे। भूकंप का असर सिक्किम के अलावा पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश में भी महसूस किया गया था। इस भूकंप का असर नेपाल में भी हुआ था।

स्टीव जॉब्स की मौत
आईपॉड, आईफोन और आई पैड बनाने वाले एपल के सह संस्‍थापक स्‍टीव जॉब्‍स ने इस साल 5 अक्टूबर को आखिरी सांस ली। महज 56 साल की उम्र में जॉब्स ने कैलिफॉर्निया में मौजूद घर में पैंक्रियाटिक कैंसर से लड़ते-लड़ते दुनिया को अलविदा कह दिया। अपने प्रॉडक्ट्स के जरिए स्टीव लोगों के दिलों में राज करते रहेंगे।
सहवाग का दोहरा शतक

8 दिसंबर को वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में कप्तानी कर रहे भारत के विस्फोटक बल्लेबाज विरेंद्र सहवाग ने वनडे क्रिकेट इतिहास का दूसरा दोहरा शतक लगाया। सहवाग सिर्फ़ 149 गेंदों में 25 चौके और सात छक्कों की मदद से 219 रन बनाकर आउट हुए। यह वनडे क्रिकेट में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी था। सहवाग के इस शानदार दोहरे शतक पर पूरा भारत झूम उठा। भारत में क्रिकेट धर्म की तरह पूजा जाता है। क्रिकेट के भगवान सचिन के सौवें महाशतक से पहले बने इस महान दोहरे शतक ने भारतीयों को जश्न का मौका दिया। अपने क्रिकेटरों के रिकॉर्ड देखकर छाती चौड़ी करने वाले भारतीय प्रसंशकों के लिए यह यादगार पल था।

देश की आबादी 1.21 अरब
इस साल 31 मार्च को जारी आंकड़ों के मुताबिक भारत की आबादी 18.1 करोड़ बढ़कर 1.21 अरब हो गई। 2011 की जनगणना में जो आंकड़े सामने आए उनके मुताबिक देश में 62 करोड़ 37 लाख पुरुष और 58 करोड़ 65 लाख महिलाएं हैं।

Comments

Post a Comment

Popular posts from this blog

मेरी ही बातें बताता है कोई