विदिशा हम शार्मिंदा हैं

शाम को ऑफिस पहुंचा। कुछ जरूरी काम निपटाने के बाद फेसबुक लॉग इन किया, तो गोंडा में विदिशा सिंह के आत्महत्या करने की खबर पढ़ी। थोड़ी देर में उसका सुसाइड नोट भी मिल गया। जिसे पढ़कर मन में एक साथ अनेक सवाल उभर आए। मैं विदिशा को तो नहीं जानता, लेकिन गोंडा और फातिमा स्कूल को जानता हूं। गोंडा जहां मैं पैदा हुआ, पला-बढ़ा और अपनी स्नातक तक की पढाई की। और कुछ लोगों को देखते और पढ़ते हुए पत्रकारिता को अपना कॅरियर चुना। फातिमा को इसलिए जानता हूं कि बच्चे को फातिमा में पढ़ाना कभी गर्व की बात होती थी, अभी पता नहीं। और अब शायद गर्व होना भी नहीं चाहिए। क्योंकि जिस स्कूल के गुरु इतने क्रूर हों कि उनके शिष्य सुसाइड नोट लिखकर जान दे दें, उस स्कूल पर कोई गर्व कर भी कैसे सकता है। विदिशा की मौत के बाद अनेक संगठन और स्कूलों के बच्चे कैंडल मार्च निकाल कर न्याय की मांग कर रहे हैं, इससे जहां एक तरफ तो मन को शांति मिलती है कि चलो आवाज तो उठी। वहीं दूसरी तरफ जब मैं यह सोचता हूं कि आखिर हमने बच्चों की परवरिश में कौन सी कमी रखी, जो आज वे राइट और रॉन्ग बोलने के बजाय सुसाइड कर रहे हैं। आखिर हमने फर्रुखाबाद और अलीगढ़ की लड़कियों की तरह क्यों नहीं साहस भरा कि वे बीच सड़क पर चंडी का रूप धर लें और बुरी नजरों को नोंच लें। शायद यह हमारी ही गलती है। अगर बीच स्कूल में विदिशा ने एक थप्पड़ मारने की हिम्मत दिखाई होती, तो आज वह हमारे बीच होती। अभी कुछ दिन पहले ही मथुरा में एक युवक को मात्र इसलिए पीट-पीटकर मार डाला गया था कि उसने लड़की के साथ बदतमीजी की थी। मुझे नहीं पता विदिशा के साथ क्या हुआ था। लेकिन जो भी हुआ, उसके लिए हम शर्मिंदा हैं।
आज से उमंग, उल्लास, उत्सव, जप, तप और व्रत का नवरात्र शुरू हो रहा है। हम लोग नौ दिनों तक देवी पूजन करते हैं और आखिरी दिन कन्या पूजन। कन्या भोजन कराते हैं। लेकिन हम दो दिन पहले भी एक कन्या को अपनी गलतियों के कारण खो चुके हैं। अब कैसे कन्या पूजन होगा। विदिशा के परिवार में तो नवरात्र से पहले ही कन्या रुठ गई। इस बार मेरी मां भगवती से विनती है कि आप आज घर-घर विराजमान तो हो रही हैं, लेकिन जाते समय इन दुष्टों का हिसाब करके जाना।

Comments

Popular posts from this blog

मेरी ही बातें बताता है कोई